01 से 30 जून तक सभी नगर निकायों में आयोजित होंगे लोक कल्याण मेले
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से पथ विक्रेताओं को मिलेगा आर्थिक सशक्तिकरण।
डिजिटल भुगतान अपनाने वाले एवं समय से ऋण चुकाने वाले वेंडर्स होंगे सम्मानित।
विशेष ऋण शिविरों के माध्यम से 15 हजार , 25 हजार तथा 50 हजार रुपये तक उपलब्ध कराया जाएगा ऋण।
क्यूआर कोड वितरण, डिजिटल भुगतान एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम होंगे आयोजित।
पथ विक्रेताओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में 01 जून से 30 जून 2026 तक “स्वनिधि महोत्सव” विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जनपद की सभी नगर निकायों में लोक कल्याण मेलों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं एवं रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक/ परियोजना निदेशक जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), द्वारा बताया गया है कि शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस विशेष अभियान में पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये तक के ऋण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही जिन लाभार्थियों द्वारा पूर्व में प्राप्त ऋण का समय से सफलतापूर्वक भुगतान किया गया है, उन्हें क्रेडिट कार्ड सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।
अभियान के दौरान विशेष रूप से उन स्ट्रीट वेंडर्स को प्रोत्साहित किया जा रहा है जिन्होंने डिजिटल भुगतान अपनाकर एवं समय से ऋण अदायगी कर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सफलता प्राप्त की है। ऐसे सफल वेंडर्स को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित भी किया जाएगा, जिससे अन्य पथ विक्रेताओं को भी प्रेरणा मिल सके।
उन्होंने बताया है कि सभी नगर निकायों में अभियान प्रारंभ हो चुका है तथा नगर निकाय कार्यालयों में पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल ऋण वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पथ विक्रेताओं को आधुनिक एवं डिजिटल व्यापार प्रणाली से जोड़ना भी है।
उन्होंने बताया कि जून माह भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में सफल वेंडर्स का सम्मान समारोह विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। सर्वाधिक डिजिटल लेनदेन करने वाले, समय से ऋण अदायगी करने वाले एवं व्यवसाय विस्तार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वेंडर्स को सम्मानित किया जाएगा। महिला एवं दिव्यांग वेंडर्स के साथ-साथ उनके प्रतिभाशाली बच्चों को भी शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान विभिन्न बैंकों के सहयोग से विशेष ऋण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण के ऋण हेतु आवेदन एवं स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। इसके अतिरिक्त डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए क्यूआर कोड वितरण, डिजिटल लेनदेन जागरूकता कार्यक्रम एवं वित्तीय साक्षरता शिविर भी आयोजित होंगे।
अभियान के अंतर्गत पथ विक्रेताओं एवं उनके परिवारों को भारत सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु प्रोफाइलिंग का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि उन्हें अधिकाधिक सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन द्वारा जनपद के समस्त इच्छुक शहरी पथ विक्रेताओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं स्वनिधि महोत्सव का लाभ प्राप्त करें।
