ईंट भट्ठा मालिक की दबंगई, मजदूरों को पीटकर किया लहूलुहान चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Blog

ईंट भट्ठा मालिक की दबंगई, मजदूरों को पीटकर किया लहूलुहान
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
गोंडा।
जनपद के धानेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिभुवन नगर ग्रांट के शुक्लागंज गांव से मजदूरों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। शुक्लागंज निवासी मोहम्मद कलीम ने श्रीदत्तगंज थाने में तहरीर देकर ईंट भट्ठा मालिक व उसके भाइयों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित मोहम्मद कलीम के अनुसार, वह अपने अन्य साथियों के साथ जीवन-यापन के लिए शुक्लागंज स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। आरोप है कि कौड़ी (हिसाब) न लिखने को लेकर भट्ठा मालिक नाराज हो गया और अपने भाइयों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने लगा। पिटाई के दौरान पीड़ित के सिर में गंभीर चोटें आईं और सिर फट गया।
पीड़ित ने बताया कि जब उसकी मां और भाई बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो दबंग भट्ठा मालिक व उसके परिजनों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि भट्ठा मालिक द्वारा उसे बंधक बनाकर पीटा गया, किसी तरह मौके से भागकर उसने अपनी जान बचाई।
मोहम्मद कलीम का कहना है कि घटना के बाद से भट्ठा मालिक और उसके परिजन लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।