डीएम ने किया निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय उतरौला का स्थलीय निरीक्षण

Blog

डीएम ने किया निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय उतरौला का स्थलीय निरीक्षण

अक्टूबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, प्रगति की सतत निगरानी पर जोर

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, उतरौला का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्माण कार्य की समग्र स्थिति का गहनता से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने मौके पर विद्यालय के ले-आउट प्लान का परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति को व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से मॉनिटर करने हेतु प्रगति का बार चार्ट (Progress Bar Chart) तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बार चार्ट के माध्यम से प्रत्येक चरण की प्रगति स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो, जिससे कार्य की वास्तविक स्थिति का नियमित आकलन किया जा सके और समय-समय पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा इसे निर्धारित समयावधि अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कार्य में शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बताते चलें कि मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय, उतरौल का निर्माण लगभग ₹24 करोड़ की लागत से कराया जा रहा है, जिसे कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस (C&DS) द्वारा संपादित किया जा रहा है। इस विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार उतरौला एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।