जनपद बलरामपुर की चारों विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन संपन्न
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार, अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया है।
राजनैतिक दलों को सौंपी गई सूची-
आज दिनांक 10 अप्रैल, 2026 को जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इस अवसर पर उन्होंने अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची की एक-एक प्रति सभी राजनैतिक दलों को सौंपी।
पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता से मतदाता सूची की विसंगतियों का निस्तारण
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बरती गई और मतदाता सूची की सभी विसंगतियों को दूर करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए गए। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में जनपद में अब कुल 13,10,755 मतदाता पंजीकृत हैं।
मतदाता सूची में कुल 17.20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
इसका मुख्य कारण नामों के डुप्लीकेशन (दोहराव) का विलोपन तथा ऐसे निवासियों के नाम हटाना है, जो अब जनपद में निवास नहीं कर रहे हैं। इससे मतदाता सूची अब पहले से अधिक शुद्ध और वास्तविक हो गई है।
सफल अभियान के सारथी: 166 दिनों का परिश्रम
166 दिनों तक चले इस वृहद अभियान के सफल समापन पर जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी ने टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि जनपद के चारों विधानसभा क्षेत्रों (291-तुलसीपुर, 292-गैंसड़ी, 293-उतरौला एवं 294-बलरामपुर (अ०जा०) के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) द्वारा प्रभावी पर्यवेक्षण किया गया।
जनपद के समस्त 1805 बीएलओ (BLO) ने निष्ठापूर्वक घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन किया, जिससे त्रुटिरहित सूची तैयार हो सकी।
जन-भागीदारी- राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) और जागरूक नागरिकों के सक्रिय सहयोग से ही यह समावेशी सूची संभव हुई है।
मीडिया की भूमिका-प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने स्वीप (SVEEP) गतिविधियों के माध्यम से जन-जागरूकता फैलाने में जो अमूल्य योगदान दिया, वह अत्यंत सराहनीय है।
यहाँ उपलब्ध होगी सूची।
आम जनमानस की जानकारी हेतु संशोधित निर्वाचक नामावली संबंधित तहसील कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय तथा निर्धारित मतदान स्थलों (पदोभिहित स्थलों) पर जनसाधारण के निरीक्षण के लिए निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। नागरिक अपने नाम की पुष्टि हेतु इन स्थलों पर जाकर सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सामूहिक प्रयासों के फलस्वरूप ही यह वृहद कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।
