असामयिक वर्षा से फसल क्षति के आकलन हेतु डीएम की वर्चुअल बैठक
तहसीलवार टीम गठित कर शाम तक रिपोर्ट देने के निर्देश।
राजस्व एवं कृषि विभाग के संयुक्त सर्वे से होगा सटीक आकलन
प्रभावित कृषकों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
जनपद में हाल ही में हुई असामयिक वर्षा से प्रभावित फसलों के आकलन के संबंध में जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारियों (एसडीएम), तहसीलदारों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि फसल क्षति का त्वरित एवं सटीक आकलन सुनिश्चित करने हेतु तहसीलवार राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमों का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि गठित टीमें तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और प्रत्येक दशा में आज सायं तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि आकलन कार्य में पारदर्शिता एवं गंभीरता बनाए रखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करें, जिससे प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत प्रदान की जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि फसल क्षति का आकलन पूर्ण होने के उपरांत शासन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र कृषकों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है और उनकी हर संभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में सभी तहसीलों के एसडीएम , तहसीलदार एवं कृषि विभाग के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे तथा दिए गए निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया।
