बालिका प्रीमियर लीग 2026, उतरौला में रोमांचक मुकाबलों के साथ कस्तूरबा राइडर्स ने सेमीफाइनल में बनाई जगह।

Blog

बालिका प्रीमियर लीग 2026, उतरौला में रोमांचक मुकाबलों के साथ कस्तूरबा राइडर्स ने सेमीफाइनल में बनाई जगह।

जनपद में बालिकाओं के खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन की पहल ‘बालिका प्रीमियर लीग (BPL) 2026’ के अंतर्गत तहसीलवार लीग मैच के तहत आज तहसील उतरौला में एम.वाई. उस्मानिया इंटर कॉलेज परिसर में रोमांचक मुकाबलों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में युवा कल्याण विभाग द्वारा तहसील खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता में बालिकाओं ने उत्साह और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

जनपद स्तर पर आयोजित इस क्रिकेट लीग का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटियों को एक मंच प्रदान करना है, ताकि वे खेल के माध्यम से आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास कर सकें। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) एवं निजी स्कूलों की कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

उतरौला में हुए रोमांचक मुकाबले।

तहसील उतरौला में आयोजित मैचों में पहला मुकाबला बेसिक उतरौला एवं Emanuel Eleven के बीच हुआ, जिसमें Emanuel Eleven ने जीत दर्ज की। दूसरे मैच में कस्तूरबा राइडर्स और HRA Queens आमने-सामने रहीं, जिसमें कस्तूरबा राइडर्स विजयी रही। इसके बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में Emanuel Eleven और कस्तूरबा राइडर्स के बीच कड़े मुकाबले में कस्तूरबा राइडर्स ने जीत हासिल करते हुए सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।

कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी श्री अभय कुमार सिंह ने विजेता टीम को क्रिकेट किट, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर बालिकाओं के जुनून और जज्बे की सराहना की तथा उन्हें आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों एवं शिक्षकों का रहा सहयोग

इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी श्री शक्ति मिश्रा, श्री संदीप चौधरी एवं श्री ज्ञानबाबू तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में बेसिक शिक्षा विभाग के श्री संतोष कुमार पांडेय, श्री सौरभ सिंह, श्री सचवेंद्र प्रताप सिंह, श्री रीनू कुमार, श्री सुदीप सिंह, श्री तरुण वर्मा, श्री विचित्र वीर, श्री दीपक, श्री निर्भय सिंह एवं श्री अभिषेक पांडेय सहित शिक्षकों की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

महिला दिवस पर होगा।

सेमीफाइनल और मेगा फाइनल

जनपद की तीनों तहसीलों से विजेता टीमों के बीच सेमीफाइनल मुकाबले 08 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलरामपुर में आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत विजेता टीमों के बीच दोपहर लगभग 02:00 बजे भव्य फाइनल मैच खेला जाएगा।

जिला प्रशासन की यह पहल बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक सोच एवं महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।