डीएम, एसपी एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जिला कारागार का किया मासिक संयुक्त औचक निरीक्षण
डीएम / जिला मजिस्ट्रेट डॉ. विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री अनुज कुमार पाण्डेय द्वारा आज जिला कारागार बलरामपुर का मासिक संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार के विभिन्न बैरकों, चिकित्सालय, पुरुष एवं महिला बैरक सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अल्पवयस्क बैरक में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा अस्पताल बैरक में भर्ती बंदियों से मिलकर उपचार एवं देखभाल की स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई एवं बीमार बंदियों की उचित देखभाल को देखकर अधिकारियों ने संतोष व्यक्त किया।
कारागार अधीक्षक श्री विजय कुमार शुक्ल ने बताया कि जेल चिकित्सालय में एक चिकित्सक एवं एक फार्मासिस्ट तैनात हैं तथा 20 बेड की व्यवस्था उपलब्ध है। बंदियों के उपचार हेतु आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
इसके पश्चात अधिकारियों ने परेड के दौरान बंदियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी तथा महिला बैरक का भी निरीक्षण किया।
महिला बंदियों से उनके मुकदमों की जानकारी लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों को दी जा रही शिक्षा, पोषण एवं देखभाल संबंधी सुविधाओं की समीक्षा की और व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।
कारागार परिसर की साफ-सफाई, सुव्यवस्थित व्यवस्था एवं हरियाली को भी अधिकारियों ने सराहा।
इस अवसर पर कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. रत्नेश वर्मा, उपकारापाल श्रीमती शारदा देवी, उपकारापाल श्री राम प्रवेश, उपकारापाल श्री अभय कुमार यादव, मुख्य चीफ श्री कामता प्रसाद भार्गव सहित अन्य कारागार कर्मी उपस्थित रहे।
