उतरौला में गूंजेगा अखाड़े का शोर,7–8 फरवरी को होगा विराट कुश्ती दंगल का महासंग्राम
संवाददाता-हंसराज शर्मा,
उतरौला-बलरामपुर,
अखाड़े की मिट्टी तैयार है, नगाड़े गूंजने को बेताब हैं और पहलवान दांव-पेंच आज़माने के लिए तैयार। बैजनाथ भट्ठा स्थित बाबा फक्कड़ दास चौराहा के समीप 7 व 8 फरवरी 2026 को प्रदेश स्तरीय विराट कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए किसी खेल महाकुंभ से कम नहीं होगा।
इस महादंगल में हरियाणा, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, नेपाल सहित अयोध्या, वाराणसी, गोरखपुर और मेरठ जैसे दंगलों की धरती से नामचीन पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। खास बात यह है कि इस बार पुरुष पहलवानों के साथ-साथ महिला पहलवान भी अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगी, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक हो जाएंगे।
इस भव्य आयोजन की जिम्मेदारी राम प्रताप वर्मा पहलवान, जिला पंचायत सदस्य उतरौला, पूर्व प्रत्याशी क्षेत्र-293 उतरौला एवं वर्मा व्यायामशाला कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के अध्यक्ष संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह दंगल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय पारंपरिक कुश्ती को नई पहचान दिलाने का एक सशक्त प्रयास है।
दंगल का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और प्राथमिक चिकित्सा सहित सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं। आयोजकों का दावा है कि यह विराट कुश्ती दंगल उतरौला के इतिहास का अब तक का सबसे यादगार और भव्य आयोजन साबित होगा।
