डीएम ने ‘बालिका प्रीमियर लीग 2026’ में खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन, बेटियों के जोश से गूंजा स्पोर्ट्स स्टेडियम
जनपद में अंडर-14 बालिकाओं के लिए आयोजित ‘बालिका प्रीमियर लीग (BPL) 2026’ के अंतर्गत स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलरामपुर में खेले जा रहे लीग ग्रुप मैचों में जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने बालिकाओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है।
जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित यह टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को एक मंच प्रदान कर रही है। टूर्नामेंट का उद्देश्य खेल प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना है। इसमें परिषदीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) एवं निजी स्कूलों की कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जो पूरे उत्साह के साथ मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने आयोजकों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए इस प्रकार की प्रतियोगिताओं को बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सूचना विभाग बलरामपुर द्वारा जारी।
