डीएम की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की संयुक्त बैठक संपन्न
जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति एवं जिला पोषण समिति की संयुक्त बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी द्वारा आशा भुगतान, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत, वीएचएसएनडी सत्र, परिवार नियोजन, आभा आईडी, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु से संबंधित मामलों की डिटेल ऑडिट रिपोर्ट की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी दशा में अवैध नर्सिंग होम का संचालन नहीं होना चाहिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी बढ़ाए जाने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला पोषण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने सैम एवं मैम बच्चों के चिन्हांकन एवं उनके बेहतर फॉलो-अप पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर वजन मशीन, इन्फेंटोमीटर सहित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त टीएचआर के नियमित भुगतान, पोषाहार वितरण के लिए रोस्टर तैयार करने तथा अधिकारियों की निगरानी में पोषाहार वितरण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और प्रभावी रूप से पहुँचना चाहिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, समस्त एमओआईसी , समस्त सीडीपीओ व अन्य संबंधित अधिकारी /कर्मचारीगण उपस्थित रहें ।
