‘भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को जनपद में भव्य रूप से मनाया जाएगा ‘जनजातीय गौरव दिवस’
**थारू संग्रहालय, इमिलिया कोडर, पचपेड़वा में आयोजित होगा जनजातीय गौरव दिवस का विशेष कार्यक्रम**
**जनजातीय समुदाय के उत्थान, सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन एवं जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर रहेगा विशेष जोर**
**मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों को सौंपी जिम्मेदारी, जनजातीय ग्रामों में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश**
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर 2026 को जनपद बलरामपुर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर थारू संग्रहालय, इमिलिया कोडर, पचपेड़वा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय की गौरवशाली विरासत, संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक उत्थान को गति प्रदान करना है।
जनजातीय गौरव दिवस के सफल आयोजन एवं जनजातीय समुदाय को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता द्वारा संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया है कि जनजातीय ग्रामों में निवासरत पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इसके अंतर्गत आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, बैंक खाते, आवास, पेंशन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।
**जनजातीय परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं एवं पोषण योजनाओं से किया जाएगा लाभान्वित**
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनजातीय समुदाय के पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पोषण संबंधी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। थारू संग्रहालय, इमिलिया कोडर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के साथ ही नवीन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं पोषण वाटिका की स्थापना संबंधी कार्यवाही की जाएगी।
**आवास, राशन कार्ड एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मिलेगा लाभ**
ग्राम्य विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत जनजातीय ग्रामों के पात्र आवासहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी। जिला पूर्ति विभाग द्वारा पात्र व्यक्तियों के राशन कार्ड बनाए जाएंगे तथा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी।
समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा पारिवारिक लाभ योजना, छात्रवृत्ति, पेंशन, सामूहिक विवाह योजना तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं आधार सीडिंग सुनिश्चित की जाएगी।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा पात्र दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने तथा विभागीय योजनाओं से लाभान्वित कराने की कार्यवाही की जाएगी।
**जनजातीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर**
जनजातीय समुदाय के युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उद्योग विभाग द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों के आवेदन एवं ऋण स्वीकृति की कार्यवाही की जाएगी।
कौशल विकास मिशन के अंतर्गत जनजातीय युवक-युवतियों का पंजीकरण कर उन्हें रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से जनजातीय स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
**जनजातीय ग्रामों में शिक्षा, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर रहेगा विशेष ध्यान**
जनजातीय ग्रामों में शिक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
पंचायती राज विभाग द्वारा जनजातीय ग्रामों में साफ-सफाई, कूड़ा उठान एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पात्र व्यक्तियों को शौचालय योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
जल निगम द्वारा हर घर जल योजना के अंतर्गत पेयजल टंकियों के निर्माण एवं प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने संबंधी कार्यवाही की जाएगी। विद्युत विभाग द्वारा पात्र परिवारों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने की कार्यवाही की जाएगी।
शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षण संस्थानों में जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा।
**कृषकों एवं पशुपालकों को भी मिलेगा योजनाओं का लाभ**
कृषि विभाग द्वारा जनजातीय कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं अन्य कृषि योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के लिए पंजीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं का टीकाकरण एवं पशुपालकों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाएगी। मत्स्य विभाग द्वारा पात्र व्यक्तियों को मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
**थारू संग्रहालय में जनजातीय गौरव एवं सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित होंगे कार्यक्रम**
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर थारू संग्रहालय, इमिलिया कोडर, पचपेड़वा में जनजातीय समुदाय की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं एवं ऐतिहासिक योगदान पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में अतुलनीय योगदान, जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष तथा उनके आदर्शों से जनमानस को परिचित कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही जनजातीय ग्रामों में विशेष अभियान चलाकर पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही प्राथमिकता पर की जाए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समुदाय की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
