जनपद की विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए 786 लाख रूपये की 07 परियोजनाएं स्वीकृत

Blog
News Bharat Times

जनपद की विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए 786 लाख रूपये की 07 परियोजनाएं स्वीकृत

आस्था के साथ विकास को प्राथमिकता

पर्यटन विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य योजना के अंतर्गत देवी पाटन मण्डल के जनपद बलरामपुर की विभिन्न विधानसभाओं में पर्यटन विकास की 07 परियोजनाओं के लिए 786 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है। इस धनराशि से विभिन्न विधानसभाओं में धार्मिक स्थलों का सौन्दर्यीकरण एवं उसके आसपास बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराई जायेगी। इस कार्य के लिए यूपीएसटीडीसी को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिये गये हैं कि सभी कार्यों को गुणवत्ता और समय के साथ पूरा करें।

यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने देते हुए बताया कि बलरामपुर सदर गिधरैया तहसील मंदिर का पर्यटन विकास के लिए 68 लाख रूपये, गैसड़ी के पचपेड़वा के ग्राम इमिलिया कोडर में ग्रामीण पर्यटन विकास के लिए 18 लाख रूपये, इसी विधानसभा में स्थित भियूरा बाबा के पर्यटन विकास के लिए 01 करोड़ रूपये, उतरौला में स्थित प्राचीन शिवमंदिर के पर्यटन विकास के लिए 01 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि इसी प्रकार तुलसीपुर शिव मंदिर गनवरिया तुलसीपुर के पर्यटन विकास के लिए 235 लाख रूपये, तुलसीपुर के ही नगर पंचायत के मुख्य मार्गों पर डिकोरेटिव एवं ऑरनामेंटल लाइटिंग के लिए 115 लाख रूपये तथा तुलसीपुर नगर पंचायत स्थित मुख्य मार्गो के दोनों तरफ म्यूरल वॉल का कार्य हेतु 150 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से आस्था से जुड़े धर्म स्थलों का सर्वांगीण विकास कार्य किया जा रहा है। प्रत्येक जनपद में सांस्कृतिक धरोहर के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए पर्यटन विकास की परियोजनाएं स्वीकृत की गयी है। इसका मुख्य उद्देश्य अल्पज्ञात धार्मिक स्थलों को सुधार कर एवं वहां बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराकर श्रद्धालुओं को आकर्षित करना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा श्रद्धालुआंे को आस्था स्थल तक पहुंचने में आसानी होगी।