बलरामपुर- सभी ब्लॉकों में लगेंगे दिव्यांगजन कल्याण शिविर; मौके पर ही होगा योजनाओं के लिए रजिस्ट्रेशन
अब कोई भी पात्र दिव्यांगजन नहीं रहेगा योजनाओं से वंचित, ब्लॉक परिसरों में लगेंगे कैंप
जनपद के समस्त विकास खंडों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण हेतु विशेष कैंपों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों में दिव्यांग पेंशन, कुष्ठावस्था पेंशन, सहायक उपकरण (कृत्रिम अंग) चिन्हांकन, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार, दुकान संचालन योजना और शल्य चिकित्सा जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए मौके पर ही आवेदन और आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
शिविरों की श्रृंखला 05 मई 2026 को विकास खंड तुलसीपुर से शुरू होगी। इसके पश्चात 06 मई को गैसड़ी, 07 मई को पचपेड़वा, 08 मई को बलरामपुर, 12 मई को उतरौला, 13 मई को रेहराबाजार, 14 मई को गैंडास बुजुर्ग, 15 मई को श्रीदत्तगंज और अंत में 16 मई 2026 को विकास खंड हरैया सतघरवा में शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का समय प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अपील की है कि सभी पात्र दिव्यांगजन अपने साथ अनिवार्य दस्तावेज जैसे—दिव्यांग प्रमाण पत्र (UDID कार्ड), आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तथा नवीनतम फोटो लेकर शिविर में अवश्य पहुँचें। समस्त ग्राम प्रधानों और पंचायत सचिवों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से इसका व्यापक प्रचार सुनिश्चित करें ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ पहुँच सके।
