अधिवक्ता की भूमि पर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं ने SDM से की शिकायत

Blog

अधिवक्ता की भूमि पर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं ने SDM से की शिकायत

मनोज कुमार सरोज से मिला अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल,स्थगन आदेश के पालन की उठाई मांग।

उतरौला। न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद भूमि पर प्रस्तावित विद्यालय निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने अधिवक्ता साथी की भूमि पर निर्माण न कराए जाने एवं न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सरोज से मुलाकात की।
अधिवक्ता संघ अध्यक्ष प्रह्लाद यादव एवं महामंत्री रवि शंकर मिश्र के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल तहसील पहुंचा। अधिवक्ताओं ने बताया कि अधिवक्ता मनीष पांडे की भूमि उतरौला स्थित नार्मल स्कूल परिसर में स्थित है, जिस पर सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश पारित किया गया है। इसके बावजूद गुरुवार को संबंधित भूमि पर निर्माण कार्य के उद्देश्य से चूना लाइन डालकर सीमांकन किए जाने की जानकारी मिली।
मामले को गंभीर बताते हुए अधिवक्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। इस पर उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सरोज ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रस्तावित निर्माण स्थल की पैमाइश कराई जाएगी और जांच पूरी होने तक अधिवक्ता की भूमि पर कोई निर्माण कार्य नहीं कराया जाएगा।
अधिवक्ता संघ महामंत्री रवि शंकर मिश्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिवक्ता हितों की अनदेखी की गई तो अधिवक्ता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस दौरान अधिवक्ता अखिलेश सिंह, मार्कण्डेय मिश्र,वीरेंद्र सिन्हा,रश्मि सिंह, निजाम अंसारी, बालमुकुंद,ओम प्रकाश श्रीवास्तव,अमित कुमार श्रीवास्तव,बृजेश वर्मा एवं मोहित कुमार सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।