किसान की बेटी अर्चना पटेल ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, सहायक अध्यापक पद पर हुआ चयन,
119वीं रैंक हासिल कर गृह विज्ञान विषय में पाई सफलता, प्रतिदिन 8 से 10 घंटे करती थीं पढ़ाई,
रेहरा बाजार (बलरामपुर)। क्षेत्र के ग्राम सभा विशुनपुर खरहना के मजरा हनुमानपुरवा निवासी किसान की बेटी अर्चना पटेल ने यूपीएसईएसएससी की परीक्षा में सफलता हासिल कर सहायक अध्यापक पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शनिवार शाम परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
सहायक अध्यापक पद पर चयनित अर्चना पटेल ने बताया कि गृह विज्ञान विषय में उन्होंने 119वीं रैंक हासिल की है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई बेगम हाजी इस्माइल बालिका इंटर कॉलेज, सादुल्लाहनगर से पूरी की। उन्होंने बीए और बीएड की पढ़ाई रामतीर्थ चौधरी पीजी कॉलेज, उतरौला से की। इसके बाद घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा की तैयारी की। सफलता हासिल करने के लिए वह प्रतिदिन आठ से दस घंटे पढ़ाई करती थीं।
अर्चना के पिता रामकुंवर वर्मा किसान हैं, जबकि माता उषा देवी वर्मा गृहिणी हैं। अर्चना के एक बड़े भाई शैलेंद्र पटेल और दो छोटे भाई सत्येंद्र पटेल व राघवेंद्र पटेल हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली अर्चना ने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता हासिल कर अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई,
अर्चना पटेल की सफलता पर विधायक रामप्रताप वर्मा, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पांडेय, ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह, रामजन्म वर्मा और केशरी प्रसाद शुक्ला सहित अन्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
