बलरामपुर- रि0 पुलिस लाइन बलरामपुर में 362 रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड सम्पन्न
अनुशासन, शौर्य एवं तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन, नवआरक्षियों ने लिया जनसेवा का संकल्प
आज दिनांक 26.04.2026 को प्रशिक्षण केन्द्र रि0 पुलिस लाइन बलरामपुर में रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड समारोह अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे परेड ग्राउण्ड में अनुशासन, ऊर्जा एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहाँ नवआरक्षियों ने अपने कठिन प्रशिक्षण, समर्पण एवं उत्कृष्ट कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक (कारागार प्रशासन एवं सुधार) कुंतल किशोर का पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार द्वारा स्वागत किया गया एवं परेड का निरीक्षण कराया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली गई। तत्पश्चात उन्होंने परेड ग्राउण्ड में सुसज्जित 13 टोलियों का निरीक्षण किया तथा 362 प्रशिक्षार्थियों की एकरूपता, शारीरिक दक्षता एवं ड्रिल की उत्कृष्टता की सराहना की। निरीक्षण के दौरान नवआरक्षियों का आत्मविश्वास, संतुलन एवं अनुशासन विशेष रूप से परिलक्षित हुआ।
इसके उपरान्त समस्त टोलियों द्वारा शानदार एवं समन्वित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसमें कदम से कदम मिलाकर चलते हुए सभी टोलियों ने सलामी मंच से गुजरते हुए मुख्य अतिथि महोदय को सलामी दी। मार्चपास्ट की सटीकता, तालमेल एवं अनुशासन ने उपस्थित जनसमूह को अत्यंत प्रभावित किया तथा पूरे परिसर में गर्व एवं उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ। समारोह के दौरान प्रशिक्षण के विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि महोदय द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल विजेताओं के लिए गौरव का विषय रहा, बल्कि अन्य प्रशिक्षार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना।
1.सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी(अंतः + बाह्य)- प्रशिक्षु आरक्षी अंश वर्मा (कुल 1339 अंक)
2.सम्पूर्ण अंतः कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी- प्रशिक्षु आरक्षी अखिल पटेल (706 अंक)
3.सम्पूर्ण बाह्य कक्षीय विषयों में सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी- प्रशिक्षु आरक्षी अंश वर्मा (557 अंक)
अंतः + बाह्य कक्षीय विषयों के समूहवार सर्वोत्तम प्रशिक्षार्थी
4.पुलिस का इतिहास, पुलिस संगठन अन्तरविभागीय समन्वय, पुलिस कार्यप्रणाली एंव अनुशासन -रि०आ० भारत प्रजापति
5.पुलिस विज्ञान-प्रथम (अपराध शास्त्र एंव अपराध नियन्त्रण, विवेचना, अभियोजन एंव पुलिस रेगुलेशन) -रि०आ० शिव ओम सिंह
6.पुलिस विज्ञान -द्वितीय (सुरक्षा, लोक व्यवस्था, आपदा प्रबन्धन ..यातायात नियन्त्रण, पुलिस रेडियो एंव दूरसंचार, गार्द ड्यूटी , बन्दी स्कोर्ट, हवालात ड्यूटी) -रि०आ० निशांत मिश्रा
7.भारतीय संविधान, मानवाधिकार तथा बाल संरक्षण एंव लैंगिक संवेदनशीलता, पुलिस आचरण , व्यवहार एंव संवाद कौशल -रि०आ० अंश वर्मा
8.अपराध विधि-भारतीय न्याय संहिता 2023/भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता/भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 -रि०आ० अखिल पटेल
9.विविध अधिनियम – रि०आ० ऋषभ कश्यप
10.कम्प्यूटर साइंस एंव साइबर क्राइम- रि०आ० आदर्श सिंह
11.विधि विज्ञान, विधि चिकित्सा शास्त्र, प्राथमिक उपचार- रि०आ० राहुल लाल
12.शारीरिक प्रशिक्षण-रि०आ० दीपक कुमार
13.पदाति प्रशिक्षण-रि०आ० सुमित कुमार मिश्रा
14.शस्त्र प्रशिक्षण-रि०आ० रोहित कुमार यादव
15.जंगल प्रशिक्षण फील्ड क्राफ्ट एंव टैक्टिस-रि०आ० प्रवेश कुमार
16.भीड़ नियन्त्रण-रि०आ० शुभम सिंह
17.अनआई काम्बैट (यू०ए०सी०)-रि०आ० रजनीश पटेल
18.योगासन-रि०आ० रितिक शर्मा
19.यातायात नियन्त्रण-रि०आ० पंकज कुमार वर्मा
20.आतंकवाद एंव डकैती निरोधक प्रशिक्षण एंव वन मिनट ड्रिल-रि० आ० सोहेल शर्मा
21.विशिष्ट तलाशी अभियान-रि०आ० विशाल कुमार
मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में नवआरक्षियों को दीक्षांत की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने सभी को ईमानदारी, निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का संदेश दिया तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया। साथ ही सभी नवआरक्षियों को कर्तव्यों के प्रति शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार द्वारा भी अपने संबोधन में सभी नवआरक्षियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि को और अधिक सुदृढ़ बनाने में नवआरक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी तथा आमजन के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह एवं मित्रवत पुलिसिंग ही उनकी पहचान बने।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती ज्योतिश्री, क्षेत्राधिकारी ललिया डी0 के0 श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर/लाइंस डॉ० जितेन्द्र कुमार, प्रशिक्षण केन्द्र के प्रभारी नि0 अशोक सिंह, उ0नि0 अनिल दीक्षित, उ0नि0 स्वतंत्र कुमार एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
