लखनऊ,बाइक पर पीछे बैठने वाले भी हो जाएं सावधान, हेलमेट नहीं लगाया तो कटेगा ई-चालान
चालक के साथ अब सहयात्री के हेलमेट पर भी रहेगी यातायात विभाग की नजर
उत्तर प्रदेश में दोपहिया वाहन पर पीछे बैठकर सफर करने वालों के लिए भी हेलमेट को लेकर सख्ती बढ़ाई जा रही है। अब बाइक चालक के साथ पीछे बैठे सहयात्री ने हेलमेट नहीं लगाया तो वाहन का ऑनलाइन ई-चालान किया जा सकेगा।
यातायात विभाग चालान प्रणाली को अपडेट कर रहा है। नई व्यवस्था में सहयात्री के हेलमेट नहीं लगाने के उल्लंघन का विकल्प भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद चालान ऐप के अलावा आईटीएमएस कैमरों और फोटो के आधार पर भी कार्रवाई की जा सकेगी।
सहयात्री के हेलमेट नहीं लगाने पर निर्धारित चालान राशि वाहन स्वामी को ही जमा करनी होगी। अभी तक ज्यादातर मामलों में बाइक चालक के हेलमेट नहीं लगाने पर कार्रवाई होती थी, जबकि मोटर वाहन नियमों के तहत पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के हेलमेट पर भी यातायात विभाग की निगरानी बढ़ जाएगी।
