डीएम की अध्यक्षता में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

Blog

डीएम की अध्यक्षता में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न

आगामी यूपी बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष, निर्विघ्न, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में एम एल के पीजी कॉलेज में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी उपजिलाधिकारी/जोनल मजिस्ट्रेट, समस्त क्षेत्राधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सचल दल प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक कुल 66 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 36 हजार 150 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा को पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। प्रधानाचार्य / नोडल अधिकारी बोर्ड परीक्षा चंदन पांडे द्वारा सभी अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को बोर्ड परीक्षा की गाइडलाइन एवं एसओपी की विस्तृत जानकारी दी गई तथा परीक्षा संचालन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से अवगत कराया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास सतर्क निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी बाहरी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने सभी जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे परीक्षा से पूर्व बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर लें और अपने-अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मजिस्ट्रेट अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन कर लें। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, वॉइस रिकॉर्डर, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर बैकअप सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, कड़ाई एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा परीक्षा को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु निर्देशित किया गया।

इस जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद , विशेष पर्यवेक्षक एडी बेसिक गोंडा व अन्य संबंधित अधिकारी / कर्मचारीगण उपस्थित रहें।