दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा को लेकर रेहरा बाजार थाने में पीस कमेटी की बैठक संपन्न
पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजन कराने के निर्देश, मूर्ति विसर्जन को लेकर आयोजकों से की गई चर्चा
रेहरा बाजार, बलरामपुर। आगामी त्योहार दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रेहरा बाजार थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल दीक्षित की अगुवाई में करीब दो बजे शुरू हुई।
बैठक में दीपावली पर लक्ष्मी पूजा के आयोजन, मूर्ति स्थापना और विसर्जन को लेकर पूजा आयोजकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। प्रभारी निरीक्षक अनिल दीक्षित ने हुसैनाबाद चौकी प्रभारी प्रतीक पांडेय सहित नया नगर एवं पेहर क्षेत्र के अंतर्गत पूजा आयोजकों से जानकारी प्राप्त की।
थाना प्रभारी ने आयोजकों को पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजन कराने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अस्थायी पटाखा विक्रेताओं और मूर्ति स्थापना करने वाले लोगों के साथ बैठक कर निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पूजा-पाठ एवं मूर्ति विसर्जन संपन्न कराने की अपील की गई।
प्रभारी निरीक्षक अनिल दीक्षित ने धनतेरस के दिन खरीदारी के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम लगातार लोगों को धोखाधड़ी से बचने के लिए जागरूक कर रही है। त्योहारों के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
बैठक में नया नगर, बुधीपुर, कालू बनकट, कालिंजर ग्रांट, पकड़ी भुवार, हुसैनाबाद, बनर चटवा और विजयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पूजा स्थलों एवं आयोजकों के संबंध में जानकारी ली गई।
लोकेशन- बलरामपुर
रिपोर्ट- विजय पाल वर्मा
