जनपद में बाढ़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों एवं कार्यों का लिया जायजा

Blog

जनपद में बाढ़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने तैयारियों एवं कार्यों का लिया जायजा

संभावित जलभराव एवं कटान रोकने की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

कोडरी घाट से लेकर पहाड़ी नालों तक डीएम का निरीक्षण, राहत एवं बचाव तैयारियों को परखा

संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से जनसामान्य को सुरक्षित रखने तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन ने बाढ़ के दृष्टिगत तहसील बलरामपुर सदर में संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का व्यापक जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग द्वारा की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सर्वप्रथम कोडरी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने राप्ती नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी का जलस्तर सामान्य पाया गया। इसके उपरांत उन्होंने कोडरी तट स्थित बाढ़ खंड के रिजर्व स्टोर का निरीक्षण कर कटानरोधी सामग्रियों, बोरियों, उपकरणों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राहत एवं बचाव सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपयोग के लिए पूरी तरह तैयार रखी जाए।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील बलरामपुर क्षेत्र के हेंगहा नाला एवं खरझार नाला का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों के प्रवाह में किसी भी प्रकार का अवरोध न होने पाए तथा नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्य समय से पूर्ण कर लिए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम इटैहिया भी पहुंचे, जहां उन्होंने हेंगहा नाले के कैचमेंट क्षेत्र में निर्माण कार्यों के कारण संभावित जलभराव की स्थिति का स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से कार्य करते हुए जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान किसी भी गांव में अनावश्यक जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए, संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े सभी संसाधनों को सक्रिय अवस्था में रखने तथा समय-समय पर उनका सत्यापन करते रहने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुश्री ज्योति राय, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।