जिलाधिकारी की अध्यक्षता में खाद्य एवं रसद विभाग की सिंगल स्टेज अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न
खाद्यान्न का उठान एवं उचित दर दुकानों तक परिवहन समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश।
पात्र लाभार्थियों को सुचारु रूप से खाद्यान्न उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता – जिलाधिकारी
जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं रसद विभाग की सिंगल स्टेज व्यवस्था की अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न के उठान, परिवहन, उचित दर दुकानों तक समयबद्ध पहुंच एवं वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सिंगल स्टेज व्यवस्था के अंतर्गत खाद्यान्न के उठान से लेकर उचित दर विक्रेताओं तक उसकी पहुंच की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्यान्न का उठान एवं परिवहन पूर्ण पारदर्शिता के साथ, समयबद्ध एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, जिससे उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न की उपलब्धता प्रभावित न हो और लाभार्थियों को निर्धारित समय पर राशन प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने उचित दर दुकानों पर खाद्यान्न की उपलब्धता एवं वितरण की नियमित निगरानी किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उठान, परिवहन एवं वितरण से संबंधित प्रत्येक स्तर पर प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र लाभार्थी को बिना किसी कठिनाई के समय से निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त हो तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली का संचालन सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से होता रहे।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अनुश्रवण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
