रेहरा बाजार- केसीसी खाते से बिना अनुमति निकासी का आरोप, पीड़ित किसान ने थाना रेहरा बाजार में दी तहरीर
थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम किशुनपुर निवासी किसान अरुण कुमार पुत्र श्यामलाल ने अपने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खाते से बिना जानकारी और बिना हस्ताक्षर के धन निकासी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित किसान ने मामले को लेकर थाना रेहरा बाजार में प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित किसान के अनुसार उनका केसीसी खाता किशुनपुर स्थित ग्रामीण बैंक शाखा में संचालित है। आरोप है कि 27 जनवरी 2025 से 10 फरवरी 2025 के बीच अलग-अलग तिथियों में खाते से धन निकासी की गई, जिसकी उन्हें कोई सूचना नहीं थी। किसान का कहना है कि उन्होंने न तो किसी चेक पर हस्ताक्षर किए और न ही किसी प्रकार का निकासी संबंधी दस्तावेज दिया।
अरुण कुमार ने बताया कि जब इस संबंध में उन्होंने बैंक शाखा से जानकारी लेने का प्रयास किया तो शाखा प्रबंधन की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। पीड़ित किसान के पास खाते का स्टेटमेंट एवं अन्य संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं, जो कथित अनियमितताओं की ओर इशारा करते हैं।
किसान ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की गहन जांच कराने तथा दोषी बैंक कर्मचारियों या संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसानों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी के मामले बढ़ सकते हैं।
