खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 100 किलो लावारिस खोया किया गया नष्ट

Blog

खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 100 किलो लावारिस खोया किया गया नष्ट

आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी बलरामपुर के निर्देशों के क्रम में दिनांक 28 फरवरी 2026 की रात विशेष सघन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।

रात्रिकालीन अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न परिवहन बसों एवं बाहरी वाहनों की तलाशी ली। बाहर से लाए जा रहे खाद्य पदार्थों की गहन जांच की गई। इसी क्रम में लगभग 100 किलोग्राम लावारिस खोया बरामद किया गया, जिसका कोई वैध दस्तावेज या स्वामी सामने नहीं आया। जनहित को ध्यान में रखते हुए टीम द्वारा उक्त खोये को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

अभियान का नेतृत्व श्री गिरिजेश कुमार दूबे, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, श्री चन्द्र भानु, खाद्य सुरक्षा अधिकारी,श्री राम मौर्या, खाद्य सुरक्षा अधिकारी,श्री शंकर दयाल तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा किया गया।

त्योहारों पर मिलावटखोरों पर कड़ी नजर।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी, अवैध भंडारण एवं बिना मानक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। बसों और निजी वाहनों की रात्रिकालीन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन का उद्देश्य है कि होली जैसे प्रमुख पर्व पर जनपदवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो और किसी भी प्रकार की मिलावट से आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।