सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत श्रद्धालुओं का दल निशुल्क सोमनाथ मंदिर दर्शन यात्रा पर रवाना,डीएम ने दिखाई हरी झंडी

Blog

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत श्रद्धालुओं का दल निशुल्क सोमनाथ मंदिर दर्शन यात्रा पर रवाना , डीएम ने दिखाई हरी झंडी

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद में आयोजित हो रहे “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा सोमनाथ मंदिर दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की निशुल्क यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कलेक्ट्रेट परिसर से श्रृद्धालुओं के बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस यात्रा के तहत जनपद से कुल 09 श्रद्धालु सोमनाथ मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए, जिनमें उत्कर्ष पांडे (ग्राम विशुनीपुर, बलरामपुर), राम उजागर (चंदनपुर, बलरामपुर), चंद्रभान (परसरामपुर थारू), तुलसीराम (भूसहर उचवा, पचपेड़वा), राम नोखाई (भगवानपुर कोडर), शिवपूजन (बिशनपुर विश्राम), कुलभूषण पांडे (इटियाथोक, गोंडा), अक्षत मिश्रा (नानपारा, बहराइच) एवं प्रियंका अग्रवाल (मटेरा बाजार, बहराइच) शामिल हैं।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि यह यात्रा श्रद्धालुओं को न केवल धार्मिक आस्था से जोड़ती है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को भी सुदृढ़ करती है। उन्होंने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

उल्लेखनीय है कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष एवं मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन-भागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से देश की सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक चेतना एवं आस्था के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।