बलरामपुर की बेटियों ने रचा इतिहास, एवरेस्ट बेस कैंप पहुंच बढ़ाया जिले का मान
जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता की प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं बेटियों को आगे बढ़ाने की सकारात्मक सोच के परिणामस्वरूप जनपद बलरामपुर की तीन बेटियों ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 16 मई 2026 को विश्व के सबसे कठिन ट्रेकिंग स्थलों में से एक एवरेस्ट बेस कैंप तक सफलतापूर्वक पहुंचकर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
कम उम्र की इन बालिकाओं ने कठिन परिस्थितियों, बर्फीले रास्तों, तेज हवाओं और हजारों फीट की ऊँचाई जैसी चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करते हुए यह सिद्ध कर दिया कि यदि बेटियों को अवसर, विश्वास और सही मार्गदर्शन मिले तो वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं।
यह उपलब्धि केवल एक ट्रेकिंग अभियान नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, साहस, संकल्प एवं नए भारत की बदलती तस्वीर का प्रतीक बन गई है। इन बालिकाओं ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से समाज को यह संदेश दिया है कि “अब बेटियाँ रुकती नहीं, इतिहास बनाती हैं।”
जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने बालिकाओं की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद प्रशासन बेटियों के सर्वांगीण विकास, खेल, शिक्षा एवं साहसिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए प्रेरणादायी है तथा अन्य बालिकाओं को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
आज बलरामपुर की ये बेटियाँ हर उस बच्ची के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं जो अपने जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती है। उनकी यह सफलता जनपद के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश भी है। 🇮🇳
