बलरामपुर-विकास आपके द्वार’ अभियान में हुआ बड़ा विस्तार

Blog

बलरामपुर-विकास आपके द्वार’ अभियान में हुआ बड़ा विस्तार

विकास रथ के साथ रहेगा प्रशिक्षित आधार ऑपरेटर, ऑन-द-स्पॉट होंगे नए आधार, अपडेट एवं लिंकिंग के कार्य

जनपद में जिलाधिकारी श्री विपिन कुमार जैन के निर्देशन में संचालित अभिनव ‘विकास आपके द्वार’ अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जनसुविधा केंद्रित बनाते हुए इसमें एक महत्वपूर्ण नई सुविधा जोड़ी गई है। अब प्रत्येक विकास रथ के साथ प्रशिक्षित आधार ऑपरेटर आधार मशीन सहित अनिवार्य रूप से मौजूद रहेगा, जिससे ग्रामीणों को गांव में ही आधार से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

अब तक विकास रथ के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के आवेदन, पात्रता परीक्षण एवं अन्य सरकारी सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई जा रही थीं, लेकिन तकनीकी कारणों से आधार संबंधी सेवाएं प्रदान नहीं हो पा रही थीं। इस कमी को दूर करते हुए अब अभियान में आधार सेवाओं को भी शामिल कर लिया गया है।

इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद जब भी विकास रथ किसी गांव में पहुंचेगा, उसी स्थान पर ग्रामीणों को नए आधार कार्ड के लिए नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता एवं जन्मतिथि सहित डेमोग्राफिक संशोधन, आधार लिंकिंग तथा अन्य आवश्यक आधार सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे ग्रामीणों को आधार से जुड़े कार्यों के लिए दूरस्थ केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे तथा समय और धन दोनों की बचत होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि विकास रथ के गांव में पहुंचने से पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को पहले से जानकारी मिल सके और अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, सचिवों, रोजगार सेवकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा एवं अन्य फील्ड कार्मिकों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी सेवाएं उसके गांव में ही सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध हों। आधार सेवाओं को विकास आपके द्वार अभियान से जोड़ने से योजनाओं में पंजीकरण, ई-केवाईसी एवं विभिन्न सरकारी लाभों की पात्रता सुनिश्चित करने में भी तेजी आएगी तथा ग्रामीणों को एक ही स्थान पर बहुआयामी सेवाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि विकास रथ के गांव में पहुंचने पर आधार संबंधी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में अवश्य पहुंचें तथा इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।

उल्लेखनीय है कि जनपद के सभी विकास खण्डों में संचालित ‘विकास आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में अब तक 2,658 लाभार्थियों का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण एवं आवश्यक सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। अभियान के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक शासन की योजनाओं का लाभ निरंतर प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है। आधार सेवाओं के जुड़ने से यह अभियान और अधिक व्यापक, उपयोगी एवं जनहितकारी बन गया है।