मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, शिक्षकों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा उपहार
राज्यमंत्री ने वितरित किए कैशलेस चिकित्सा कार्ड, कहा- शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ, उनकी सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
शिक्षकों के सम्मान में ऐतिहासिक पहल, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना हुई लागू
स्वस्थ शिक्षक, सशक्त शिक्षा, विकसित उत्तर प्रदेश की नई पहल, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ
जनपद में 12,599 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों को मिलेगा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस
माननीय राज्यमंत्री, नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री राकेश कुमार राठौर जी ‘गुरु’ जी द्वारा आज एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, बलरामपुर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की गई।
कार्यक्रम के दौरान वाराणसी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा योजना के राज्यव्यापी शुभारंभ का सजीव प्रसारण सभी उपस्थित जनों ने देखा एवं सुना।
कार्यक्रम में विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता सहित मा० जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राज्यमंत्री द्वारा शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए तथा उन्हें योजना के लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसके शिक्षक होते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि संस्कार, नैतिकता, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना का भी निर्माण करते हैं। ऐसे कर्मयोगी शिक्षकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना सरकार का नैतिक दायित्व है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना प्रारंभ कर शिक्षकों के सम्मान को नई ऊंचाई प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी एवं लोकप्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश के यशस्वी एवं लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए मानक स्थापित कर रहा है। सरकार का प्रत्येक निर्णय समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं और सुरक्षा का लाभ पहुंचाने की सोच के साथ लिया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक सुरक्षा के प्रत्येक क्षेत्र में उत्तर प्रदेश निरंतर नई उपलब्धियां प्राप्त कर रहा है।
माननीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सदैव यह मानते हैं कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का आधार स्वस्थ एवं सुरक्षित शिक्षक होता है। इसी सोच के अनुरूप पूरे देश में सबसे पहले उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना प्रारंभ कर शिक्षकों के स्वास्थ्य की चिंता को दूर करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। यह योजना केवल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षकों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता, सम्मान और प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि अब किसी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक अथवा रसोइया को गंभीर बीमारी की स्थिति में आर्थिक कठिनाइयों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा, जिससे वे निश्चिंत होकर पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दे सकेंगे।
उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक शिक्षक स्वस्थ, सुरक्षित और सम्मानित वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन करे। जब शिक्षक सशक्त होंगे, तभी विद्यार्थी सशक्त होंगे और जब विद्यार्थी सशक्त होंगे तभी विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित भारत का सपना साकार होगा।
कार्यक्रम में बताया गया कि जनपद बलरामपुर में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के कुल 12,599 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं रसोइयों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा बड़ी संख्या में शिक्षण समुदाय के सदस्य उपस्थित रहे।
