डीएम ने भोजपुर-शाहपुर तटबंध पर चल रहे बोल्डर रिवेटमेंट कार्य का किया निरीक्षण
राप्ती नदी से कटान रोकने एवं तटबंध की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए 607 लाख रुपये की परियोजना पर कार्य प्रगति पर
भंडारित राहत एवं सुरक्षा सामग्री का लिया जायजा, कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने गुरुवार को ग्राम हरबसपुर स्थित राप्ती नदी के बाएं तट पर भोजपुर-शाहपुर तटबंध के किमी 6.650 से किमी 7.100 के मध्य संचालित बोल्डर रिवेटमेंट कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राप्ती नदी से होने वाले संभावित कटान से तटबंध की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 607 लाख रुपये लागत की परियोजना संचालित की जा रही है। परियोजना के अंतर्गत 450 मीटर लंबाई में बोल्डर रिवेटमेंट, 10 मीटर लंबाई में दो लेयर लांचिंग एप्रन तथा 450 मीटर लंबाई में स्लोप पिचिंग का कार्य कराया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने भोजपुर-शाहपुर तटबंध के निकट ग्राम रामुवापुर में स्थापित स्टोर रूम का निरीक्षण कर बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने उपलब्ध संसाधनों एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सकें।
इस दौरान संबंधित अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहें।
