अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), गोण्डा का किया आकस्मिक निरीक्षण

Blog
News Bharat Times

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर), गोण्डा का किया आकस्मिक निरीक्षण

किशोरों से संवाद कर जानी समस्याएं, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो न्यायालय), बलरामपुर राहुल सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलरामपुर यशपाल वर्मा तथा प्रधान मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड द्वारा जनपद गोण्डा स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संप्रेक्षण गृह में आवासित किशोरों की स्थिति एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान किशोरों के आवास, भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के समय संप्रेक्षण गृह में कुल 14 किशोर आवासित पाए गए।
अधिकारियों ने आवासित किशोरों से व्यक्तिगत रूप से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्हें उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, शिक्षा, परामर्श, स्वास्थ्य सेवाओं एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि किशोरों की गरिमा, सुरक्षा एवं अधिकारों का विशेष ध्यान रखते हुए उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं।
अधिकारियों ने किशोरों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से शिक्षा, कौशल विकास, परामर्श, खेलकूद एवं पुनर्वास की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही संप्रेक्षण गृह में पाई गई व्यवस्थाओं एवं कमियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए जाने को कहा गया।