पशुपालकों एवं गौशालाओं के लिए नेपियर घास उत्पादन योजना शुरू,आवेदन आमंत्रित

Blog
News Bharat Times

पशुपालकों एवं गौशालाओं के लिए नेपियर घास उत्पादन योजना शुरू, आवेदन आमंत्रित

जनपद बलरामपुर में वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु पशुपालकों, पंजीकृत गौशालाओं, गोआश्रय स्थलों एवं इच्छुक कृषकों के लिए नेपियर घास उत्पादन योजना संचालित की जा रही है। इस योजना का उद्देश्य गोवंश के लिए वर्षभर हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा पशुपालन को अधिक सुदृढ़ बनाना है।

योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को नेपियर स्लिप उपलब्ध कराई जाएगी तथा उत्पादन हेतु नेपियर सीड बैंक की स्थापना भी की जाएगी। योजना का लाभ पंजीकृत गौशाला, गोआश्रय स्थल, इच्छुक कृषक, पशुपालक, गैर सरकारी संस्थाएं, एफपीओ एवं स्वयं सहायता समूह प्राप्त कर सकते हैं।

योजना के लिए पात्रता के अनुसार लाभार्थी के पास न्यूनतम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि उपलब्ध होना आवश्यक है तथा भूमि तक आवागमन की सुविधा होनी चाहिए। पंजीकृत गौशालाओं एवं अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों से संबंधित ग्राम पंचायतों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इच्छुक कृषकों एवं पशुपालकों के चयन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला मुखिया परिवारों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड, भूमि स्वामित्व संबंधी अभिलेख (खसरा/खतौनी) एवं बैंक खाते का विवरण संलग्न करना अनिवार्य होगा।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पात्र लाभार्थियों के चयन हेतु विभागीय माध्यमों से प्रचार प्रसार किया जाएगा तथा विकास खंड स्तर पर स्थापित पशु चिकित्सालयों के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने जनपद के इच्छुक पशुपालकों एवं कृषकों से अपील की है कि योजना का लाभ उठाकर हरे चारे के उत्पादन को बढ़ावा दें तथा पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाएं।