बलरामपुर- गैस सिलेंडर दुकान में भीषण आग, धमाकों से दहला इलाका,एक महिला के झुलसने की खबर,
बलरामपुर जिले के थाना ललिया क्षेत्र के कोड़री चौराहे पर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे गैस सिलेंडर की दुकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
आग लगते ही दुकान में रखे कई सिलेंडर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और लोग घरों से बाहर निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग बजरंगी गुप्ता पुत्र स्वामीनाथ गुप्ता की दुकान में लगी। सिलेंडरों में विस्फोट के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आकर बजरंगी गुप्ता की माता झुलस गईं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया गया कि दुकान पर सीएससी के माध्यम से गैस सिलेंडर की बिक्री की जा रही थी।
राहत की बात यह रही कि आग पास की कपड़े की दुकान तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जा रही है।

4 Comments
Comments are closed.