वास्तविक गन्ना किस्म का ही होगा अंकन,सर्वेक्षण को बनाया जा रहा पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से मजबूत

Blog

वास्तविक गन्ना किस्म का ही होगा अंकन,सर्वेक्षण को बनाया जा रहा पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से मजबूत

अन्तःफसली खेती और एग्रो फॉरेस्ट्री का भी दर्ज होगा विवरण

गन्ना किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी।

जिला गन्ना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया है कि आयुक्त, गन्ना एवं चीनी, उत्तर प्रदेश द्वारा पेराई सत्र 2026-27 हेतु गन्ना सर्वेक्षण नीति जारी कर दी गयी है। इसी क्रम में जनपद में गन्ना सर्वेक्षण कार्य प्रारम्भ हो चुका है, जो आगामी 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

जिला गन्ना अधिकारी ने बताया कि गन्ना सर्वेक्षण कार्य को अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक एवं तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सर्वेक्षण के दौरान किसानों के खेतों में मौजूद वास्तविक गन्ना किस्म का ही अंकन सुनिश्चित कराया जाएगा, ताकि विभागीय अभिलेखों एवं आंकड़ों में वास्तविक स्थिति दर्ज हो सके तथा भविष्य में किसानों को योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सही प्रकार से प्राप्त हो।

उन्होंने बताया कि इस बार सर्वेक्षण में केवल गन्ने के रकबे का ही नहीं बल्कि अन्तःफसली खेती, एग्रो फॉरेस्ट्री एवं फार्म फॉरेस्ट्री से संबंधित विस्तृत विवरण भी दर्ज किया जाएगा। इससे किसानों द्वारा अपनाई जा रही आयवर्धक खेती प्रणालियों का वास्तविक आकलन संभव हो सकेगा तथा कृषि विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अतिरिक्त ट्रेंच एवं जोड़ीदार पंक्ति (Paired Row) विधि से की गई गन्ना बुवाई का भी पृथक विवरण दर्ज किया जाएगा, जिससे यांत्रिक गन्ना कटाई को बढ़ावा देने एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रभावी उपयोग में सहायता मिलेगी।

जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि गन्ना विकास विभाग का मुख्य उद्देश्य टिकाऊ एवं आधुनिक कृषि प्रणाली को प्रोत्साहित करते हुए किसानों को विविधीकृत खेती हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने किसानों से अपील की कि सर्वेक्षण टीम को सही एवं वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करें।

उन्होंने बताया कि किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु मुख्यालय स्तर पर टोल-फ्री किसान कॉल सेंटर 1800-121-3203 स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे संचालित रहता है। किसान अपनी समस्या, शिकायत अथवा शंका के समाधान हेतु इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

साथ ही सर्वेक्षण कार्य से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा समस्या के त्वरित निस्तारण हेतु जनपद स्तर पर श्री संजय कुमार सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना विकास परिषद-बलरामपुर – 7081202552 ,श्री राकेश वर्मा, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना विकास परिषद-तुलसीपुर -7081202560 , श्री नरेंद्र कुमार सिंह, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना विकास परिषद-उतरौला — 7081202561 अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं।

जिला गन्ना अधिकारी ने सभी गन्ना उत्पादक कृषक भाइयों से अपील की है कि यदि सर्वेक्षण कार्य से संबंधित कोई शिकायत हो तो तत्काल संबंधित अधिकारी अथवा कॉल सेंटर पर संपर्क कर उसका समाधान प्राप्त करें।