डीएम की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी बैठक संपन्न, अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नवीनीकरण पर हुई समीक्षा

Blog

डीएम की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीटी बैठक संपन्न, अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नवीनीकरण पर हुई समीक्षा

जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला महिला चिकित्सालय में पीसीपीएनडीटी (पूर्व गर्भाधान एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक) अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनपद के विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों के संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनके पंजीकरण का नवीनीकरण प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर अभिलेखों का समुचित रख-रखाव, निर्धारित प्रारूपों में सूचनाओं का समयबद्ध संधारण एवं प्रेषण तथा सभी वैधानिक मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।

किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे अधिनियम के उद्देश्यों की पूर्ति हो सके।

इस दौरान जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए तथा कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।