12 जुलाई को जनपद में होगा महावृक्षारोपण अभियान , 26 विभाग मिलकर लगाएंगे 47.66 लाख पौधे, हरित बलरामपुर की ओर बड़ा कदम
एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जनसहभागिता से होगा महावृक्षारोपण , हर हाथ एक पौधा, हर दिल हरियाली का संकल्प
ग्राम पंचायतों से नगर निकायों तक हरियाली का संकल्प, जनपद में एक साथ होगा वृक्षारोपण
ग्राम पंचायत सिसई में राप्ती नदी तट पर होगा जनपद स्तरीय महावृक्षारोपण कार्यक्रम, माननीय विधायकगण की गरिमामयी उपस्थिति में एक साथ लगाए जाएंगे 1000 से अधिक पौधे।
प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में 12 जुलाई, 2026 को व्यापक जनसहभागिता के साथ महावृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत जनपद की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं चिन्हित क्षेत्रों में एक साथ वृक्षारोपण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए अधिकाधिक लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।
जनपद में इस महाअभियान के अंतर्गत 26 विभागों को कुल 47,66,100 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग द्वारा 13,98,000 पौधों तथा अन्य विभागों द्वारा 33,68,100 पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु वन विभाग द्वारा सभी संबंधित विभागों को निःशुल्क पौधे उपलब्ध करा दिए गए हैं, जिससे निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके।
अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का महोत्सव बनाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, किसान समूहों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
*महावृक्षारोपण अभियान के तहत जनपदस्तरीय कार्यक्रम राप्ती नदी के किनारे ग्राम पंचायत सिसई में 12 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर एक साथ 1,000 से अधिक पौधों का रोपण किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद के समस्त माननीय विधायकगण, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक सहभागिता करेंगे।*
अभियान के दौरान पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही रोपित पौधों की जियो-टैगिंग, फोटो अपलोडिंग, सुरक्षा, सिंचाई एवं नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पौधों का संरक्षण भी प्रभावी ढंग से हो सके।
जिलाधिकारी द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे 12 जुलाई के महावृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा अपने परिवार एवं समाज के साथ मिलकर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण देने का सामूहिक संकल्प है।
