डीएम के निरीक्षण का त्वरित असर: ग्राम इटैहिया में जलभराव से राहत के लिए तत्काल शुरू हुई कार्रवाई

Blog

डीएम के निरीक्षण का त्वरित असर: ग्राम इटैहिया में जलभराव से राहत के लिए तत्काल शुरू हुई कार्रवाई

निरीक्षण के साथ ही एक्शन, ,इटैहिया में जलभराव के स्थायी समाधान की शुरुआत

संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से जनसामान्य को सुरक्षित रखने तथा राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन द्वारा कोडरी घाट, राप्ती नदी एवं पहाड़ी खरझार नाला (लोपनिया ब्रिज) का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ग्राम इटैहिया भी पहुंचे, जहां उन्होंने हेंगहा नाले के कैचमेंट क्षेत्र में निर्माण कार्यों के कारण उत्पन्न हुई स्थानीय जलभराव की स्थिति का स्थलीय अवलोकन किया। निरीक्षण में स्पष्ट हुआ कि जलभराव पूरे गांव में नहीं, बल्कि एक सीमित क्षेत्र में था। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी में किसी भी प्रकार का अवरोध न रहने पाए तथा समस्या का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी के निरीक्षण के तुरंत बाद बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग तथा राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से कार्यवाही प्रारंभ कर दी। ग्राम इटैहिया में जेसीबी मशीनों के माध्यम से हेंगहा नाले के कैचमेंट क्षेत्र में खुदाई कर जल प्रवाह के मार्ग को साफ किया जा रहा है, जिससे वर्षा का पानी सुचारु रूप से निकल सके और जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य पूरी गुणवत्ता एवं तेजी के साथ संपन्न कराया जाए तथा क्षेत्र की लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि बरसात के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन का उद्देश्य संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से पहले ही प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित कर जनसामान्य की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।